एसडीएम दफ्तर के सामने पत्रकारों का धरना,आत्मदाह को चेताया--
ब्यूरो रिपोर्ट-बस्ती INewsUP
रुधौली नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था की पड़ताल करने गए पत्रकार अनूप बरनवाल से बदसुलूकी व सोने की चैन छीनने के आरोपित चेयरमैन सहित तीन अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पत्रकारो ने एसडीएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा । बताते चलें कि रुधौली में पत्रकार से मारपीट, गाली गलौज सहित छिनैती को लेकर जांचोपरांत स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को चारों आरोपितों के खिलाफ मारपीट समेत छिनैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया तथा आरोपित एक युवक को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका के दृष्टिगत धारा 151 व 107,116 में चालान हेतु थाने लाया गया । इतने बड़े मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद भी 151 में चालान करने से नाराज पत्रकार लामबंद हो गये और एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करने लगे । पीड़ित पत्रकार ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि यदि इसी तरह पत्रकार के अधिकारों का हनन किया जाएगा तो लोग निष्पक्षतापूर्वक आवाज कैसे उठा सकेंगे । पत्रकार अनूप बरनवाल सदैव निष्पक्ष और निर्भीक खबरों के लिए पूरे तहसील क्षेत्र में जाने जाते हैं। उपजिलाधिकारी गिरीश चंद्र झा के आश्वासन के बाद तत्काल अधिकारियों को संज्ञान लेने और विधिक कार्यवाही करने की बात कही । पीड़ित पत्रकारों ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत होने के बावजूद गिरफ्तारी ना होने की घोर निंदा की । सूचना पर धरनास्थल पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने 3 दिन का मोहलत लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और धरना भी समाप्त करवाया। जिस पर पत्रकारों ने कहा कि यदि 3 दिन में दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो जिलाधिकारी बस्ती कार्यालय के समक्ष धरना और आत्मदाह करेंगे।
What's Your Reaction?

