भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का ज़ोरदार स्वागत, कारगिल शहीद स्तम्भ पर किया नमन
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के प्रथम बस्ती आगमन पर कारगिल शहीद स्मारक पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष जिले में आगामी 'हर घर तिरंगा' अभियान एवं तिरंगा यात्रा की सफलता को लेकर आयोजित कार्यशाला में शामिल होने पहुंचे थे। विधायक अजय सिंह के निर्देशन में विधायक प्रतिनिधि सरोज बाबा एवं भाजपा सभासद अभिजीत सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कारगिल शहीद स्मारक पहुंचकर उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सरोज बाबा ने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए शहीदों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। वहीं अभिजीत सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का बस्ती आगमन कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा लेकर आया है। उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान और तिरंगा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ जुटेंगे, ताकि यह अभियान जिले में ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जा सके। सभी ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अभिषेक हनी सिंह, मोनू सिंह, नवनीत मिश्रा, सुधीर मिश्रा, प्रदीप पटेल, ऋषभ शुक्ला, शाद तबरेज, आर्यन पाल, प्रेरित पाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

