पशु तस्करी मामले में हुई गैंगेस्टर की कार्यवाही

Dec 30, 2025 - 23:03
 0  9
पशु तस्करी मामले में हुई गैंगेस्टर की कार्यवाही

अजमेर अली ब्यूरो चीफ -INewsUP

 गोरखपुर। जनपद में संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने पशु तस्करी में लिप्त एक संगठित गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। थाना हरपुर बुदहट क्षेत्र में पशु तस्करी जैसे जघन्य अपराध में संलिप्त चार शातिर अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का सरगना हनीफ पुत्र अजीज निवासी घोठवा, थाना हरपुर बुदहट है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से पशु तस्करी की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। गिरोह के अन्य सदस्यों में राजेन्द्र यादव पुत्र महावीर यादव निवासी बुदहट खास, प्रदीप यादव पुत्र बलिहारी यादव निवासी गोरेडीह तथा अजीत यादव उर्फ गोलू यादव पुत्र रामजीतन यादव निवासी बुदहट खास शामिल हैं। बताया गया कि इस गिरोह के सदस्यों की आपराधिक गतिविधियों के चलते क्षेत्र में आमजन में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था। इनकी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और स्वतंत्र विचरण को प्रतिबंधित करने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट गोरखपुर द्वारा अनुमोदित गैंग चार्ट तैयार किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत थाना हरपुर बुदहट पर मुकदमा दर्ज किया गया। आपराधिक इतिहास के अनुसार, गैंग लीडर हनीफ पर गोरखपुर व बस्ती जनपद के विभिन्न थानों में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी पशु तस्करी से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य पशु तस्करी जैसे संगठित अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow