करंट के झटके से बस मालिक घायल, अस्पताल में भर्ती
धर्मेंद्र कुमार INewsUP
देईसांड़ बस्ती । लालगंज थानाक्षेत्र के जयपुर गाँव निवासी बस मालिक 56 वर्षीय गोरख पांडेय बस पर पेंटिंग के दौरान करंट के झटके से नीचे गिरकर घायल हो गए । अचेतावस्था में स्वजनों ने पीएचसी बनकटी पहुंचाया जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने ओपेक अस्पताल कैली रेफर कर दिया । जानकारी के मुताबिक बनकटी नगर पंचायत के आजाद नगर (जयपुर) वार्ड निवासी गोरख पांडेय महुली बस्ती मार्ग पर बस चलवाते हैं, रोज की तरह उनका बस महुली मार्ग के देईसांड़ स्थित प्राथमिक विद्यालय के निकट खड़ा किया गया । सुबह करीब 8 बजे बस के छत की पेंटिंग हो रही थी जिसे देखने बस मालिक बस की छत पर चढ़े हुए थे कि ऊपर लटक रहा 11हजार विद्युत सप्लाई का तार उनके सिर से छू गया, एचटी तार के चपेट में आ गये और झटके से बस की छत से नीचे गिर पड़े । अचेतावस्था में स्वजनों ने निजी वाहन से उन्हें कैली अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है ।
What's Your Reaction?

