विद्युत पोल शिफ्ट न होने से दुर्घटना की आशंका, एसडीएम से शिकायत
आलोक बरनवाल- INewsUP रुधौली- बस्ती । रुधौली कस्बे से निकलकर भानपुर को जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण कुछ दिन पहले कराया जा चुका लेकिन मार्ग चौड़ीकरण के बाद सड़क किनारे लगे विद्युत पोल अब भी सड़क में ही खड़े हैं । जिससे आये दिन मार्ग दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है । रुधौली निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि एसडीएम रुधौली समेत उच्च अधिकारियों ने मामले को संज्ञान लेते हुए सड़क पर खड़े विद्युत पोल को हटाने का आदेश किया था। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते आदेश सिर्फ कागजों में सिमट कर रह गया । वहीं दबी जुबान शिकायतकर्ता का कहना है कि बिजली विभाग के अफसरों को उनकी शिकायत रास नहीं आती है वे कभी भी ओवरलोड जैसे आरोप लगाकर विद्युत विच्छेदन कर देंगे ।रुधौली के कामता प्रसाद नगर वार्ड निवासी प्रमोद कुमार पांडे ने उपजिलाअधिकारी रुधौली को लिखित शिकायती पत्र देकर होने वाली घटनाओं की जानकारी व मार्ग चौड़ीकरण होने के बाद विद्युत पोल सड़क से दूर करने की शिकायत की है। पीड़ित प्रमोद कुमार पांडे ने बताया कि सड़क के बीचो-बीच विद्युत पोल होने की वजह से आए दिन दुर्घटना हो रही है जिसकी शिकायत संबंधित विभाग के कर्मचारियों से की गई थी लेकिन सुनवाई तो दूर मौके पर पहुंचना भी उचित नहीं समझा। पीड़ित मजबूर होकर तहसील समाधान दिवस के दिन पहुंचकर शिकायत की है। इस मामले में विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता करने की कोशिश की गई तो फोन उठाना उचित नहीं समझा।
What's Your Reaction?

