घर में लगी भीषण आग ,44 बकरियां व सामान जलकर राख
संदीप चौरसिया INewsUP
कुदरहा बस्ती । लालगंज थानाक्षेत्र के सुअरहा कला गांव में दीपावली की रात अज्ञात कारणों से एक टीनशेड में आग लग गई जिसमें करीब चार दर्जन बकरियां बांधी हुई थीं । आग लगने से टीनशेड में बंधी बकरियां व शेड के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया । आग लगने 44 बकरियों की जलकर मौत हो गई। थानाक्षेत्र के सुअरहा कला निवासी नितराम चौहान बकरी पालन करते करते हैं , दीपावली के दिन अज्ञात कारणों से शेड में आग लग गई। नितराम अपने घर पर गए हुए थे, आग के लपटों को ऊपर उठते देख वे दौड़ते हुए बकरी पालन घर के पास पहुंचे और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बकरी पालन घर में 44 बकरियां, घर में रखा बाइक, पंखा, इनवर्टर, बैटरी, कूलर, चारपाई सहित सारा सामान जलकर खाक हो गया। बकरी पालन घर आबादी से दूर सीवान में है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया था। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज कुदरहा सुदीप कुमार यादव ने फायर ब्रिगेड को फोन पर सूचना दी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। सोमवार को नायब तहसीलदार वीर बहादुर सिंह, लेखपाल शैलेंद्र वर्मा, पशुचिकित्साधिकारी डॉ फजील खान, चौकी प्रभारी कुदरहा सुदीप यादव मौके पर पहुंचे और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। लेखपाल शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है
What's Your Reaction?

