पुलिस के गले की फांस बनता जा रहा है लापता युवक
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
संतकबीरनगर । 19 जुलाई को अपने दो साथियों के साथ घर से निकलने के बाद लापता हुए धनघटा थाना क्षेत्र के दुघराकला गांव निवासी 19 वर्षीय युवक को बरामद करना धनघटा पुलिस के लिए टेढी खीर बन गया है। हालत यह है कि युवक के लापता होने की घटना पुलिस के गले की फांस बनता जा रहा है। लापता युवक की तलाश में पुलिस सरयू नदी की धारा में एसडीआरएफ टीम के साथ खोजी अभियान भी चला चुकी है लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी पूरी तरह खाली है। इतना ही नहीं लापता युवक के साथ निकले दुघरा कला गांव निवासी लापता युवक के दो दोस्तों को हिरासत में लेकर उनसे पुलिस कड़ी पूछताछ करने के बाद भी युवक के लापता होने का राज उसके दोस्तों से पुलिस नहीं उगलवा सकी है। वैसे पुलिस ने लापता युवक के पिता की तहरीर पर लापता युवक के दो दोस्तों के विरूद्ध मुकदमा भी शनिवार को दर्ज कर लिया लेकिन कुल मिलाकर लापता युवक को लेकर पुलिस के हाथ अभी तक पूरी तरह खाली नजर आ रहे हैं। विदित हो कि थाना क्षेत्र के दुघराकला गांव निवासी 19 वर्षीय अभिषेक पुत्र विश्वम्भर अपने दो दोस्तों दुधराकला गांव निवासी चन्दन पुत्र संतराम और विशाल पुत्र ओंकार के साथ बीते 19 जुलाई को घर से निकले थे। चन्दन और विशाल तो शाम को घर पहुंच गए लेकिन उसके बाद से अभिषेक का पता नहीं चल रहा है। लापता अभिषेक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चन्दन और विशाल को हिरासत में लेकर कई राउण्ड पूछताछ कर चुकी है लेकिन पुलिसिया पूछताछ में उक्त दोनों लापता हुए अभिषेक के बारे में सटीक जानकारी देने के बजाय पुलिस के समक्ष भी लगातार अपना बयान बदल रहे हैं। पूर्व में जहां चन्दन और विशाल ने घटना के दिन ही लापता अभिषेक को घर पहुंचाने की जानकारी दे रहे थे तो वहीं अब उक्त दोनों का कहना है कि वह दोनों लापता युवक के साथ हैंसर में बैठकर 19 जुलाई को दोपहर में शराब और उसके बाद बाइक से सरयू नदी के बिड़हरघाट पहुंच गए जहां तमाम लोगों को नदी में नहाते देख वह दोनों अभिषेक के साथ नदी में नहाने चले गए। वह दोनों तो नदी से नहा कर बाहर निकले लेकिन अभिषेक नदी से जब बाहर नहीं निकला तो वह दोनो मिलकर उसकी काफी खोजबीन की और जब अभिषेक के बारे में पता नहीं चला तो वह दोनों डर गए और तरह-तरह की बात करने लगे। ।। मामला कुछ। भी हो लेकिन 8 दिन बाद भी लापता अभिषेक के बारे में कोई जानकारी करने में सफल न होने पर स्थानीय पुलिस के उपर भी सवाल उठने लगे हैं। शनिवार को नगर पंचायत हैंसर बाजार-धनघटा के अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं पूर्व विधान सभा प्रत्याशी नीलमणि समेत कुछ अन्य भाजपा नेताओं ने लापता युवक अभिषेक के घर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी प्राप्त की और परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। अध्यक्ष प्रतिनिधि ने बताया कि लापता हुए अभिषेक के परिजन उसके दोनों दोस्तों चन्दन और विशाल के उपर अभिषेक की हत्या कर शव को लापता करने का आरोप मढ रहे हैं लेकिन पुलिस अभिषेक के बारे में जानकारी जुटाने में लापरवाही बरत रही है। उन्होंने कहा कि वह पूरा मामले को लेकर एसपी समेत अन्य उच्च्चाधिकारियों से मुलाकात कर वार्ता करेंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाकर ही रहेंगे। उधर पुलिस ने लापता युवक के पिता विश्वम्भर पुत्र श्रीराम की तहरीर पर आरोपी चन्दन और विशाल के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 140 (1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लापता अभिषेक की तलाश करने के प्रयास में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक धनघटा अनिल कुमार का कहना है कि जब तक लापता अभिषेक के बारे में सटीक जानकारी नहीं मिलेगी तब तक उसके लापता होने के बारे में कुछ भी कहना नामुमकिन है। उन्होंने कहा कि चन्दन और विशाल से अभिषेक के लापता होने के रहस्य के बारे में जानकारी करने का पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
What's Your Reaction?

