शहर में मेगा ड्राइव अभियान से मचा हड़कंप,विद्युत चोरी पर वार

Jun 27, 2025 - 08:22
 0  48
शहर में मेगा ड्राइव अभियान से मचा हड़कंप,विद्युत चोरी पर वार

अजमेर अली INewsUP

गोरखपुर, ब्यूरो चीफ । 26 जून 2025 पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर गोरखपुर शहरी क्षेत्र में गुरुवार को बिजली विभाग ने बृहद मेगा ड्राइव अभियान चलाया। इस अभियान से न सिर्फ बिजली चोरों में हड़कंप मच गया, बल्कि बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान 88 उपभोक्ताओं की बिजली काटी गई, जिन पर कुल ₹25.20 लाख का बकाया था। वहीं, 34.65 लाख रुपये की वसूली भी मौके पर की गई। गोरखनाथ खंड के अंतर्गत चार उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते रंगेहाथ पकड़ा गया, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता लोकेंद्र बहादुर सिंह ने जानकारी दी कि इस विशेष जांच अभियान में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, एसडीओ, जेई, विजिलेंस टीम सहित 20 टीमें तैनात थीं। टाउनहॉल, श्री गोरखनाथ, मोहद्दीपुर और राप्तीनगर खंडों के नेतृत्व में काजकपुर, बुद्धविहार पार्ट-सी, राजघाट, हड़हवा फाटक, नसीमन हाटा, भाटी विहार, नॉर्थ, कूड़ाघाट, मोती पोखरा और आवास विकास समेत दर्जनों मोहल्लों में सुबह से ही चेकिंग शुरू हो गई थी।इस दौरान लच्छीपुर, मोहरीपुर, गोरखनाथ और अजयनगर क्षेत्रों में बिजली चोरी के मामले पकड़े गए, जिनमें उपभोक्ता डायरेक्ट सप्लाई लेकर 1 से 2 किलोवाट तक की चोरी कर रहे थे। अजयनगर में एक उपभोक्ता को घरेलू कनेक्शन में अस्थायी विद्युत उपयोग करते हुए पकड़ा गया।इसके अलावा, ट्रांसफॉर्मर सुरक्षा को लेकर भी विभाग सक्रिय दिखा। ट्रांसफॉर्मर की खराबी से बचाने के लिए फ्यूज सेट और टेललेस यूनिट लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक इससे पिछले वर्ष की तुलना में 50% तक ट्रांसफॉर्मर खराब होने की दर में कमी आई है और विद्युत आपूर्ति में भी स्पष्ट सुधार हुआ है।बिजली विभाग की ओर से 360 उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, साथ ही वितरण ट्रांसफॉर्मरों पर 3 स्मार्ट मीटर भी स्थापित किए गए हैं, ताकि बिजली खपत की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाई जा सके।अधीक्षण अभियंता ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रत्येक सप्ताह एक फीडर की पूरी जांच कर कार्रवाई की जाएगी, खासकर उन उपभोक्ताओं पर जिनका बकाया 10,000 रुपये से अधिक है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे समय से बिजली बिल का भुगतान करें और बिजली चोरी से बचें, वरना कनेक्शन विच्छेद और मुकदमे जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।भीषण गर्मी में बिजली विभाग सतत आपूर्ति बनाए रखने के लिए युद्धस्तर पर प्रयासरत है और उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा कर रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow