बागाती कृषि से आत्मनिर्भर बन रहे मोहम्मद हसन, सेल्फी प्वाइंट बनी एप्पल बेर की बगिया
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बनकटी,बस्ती । बनकटी नगर पंचायत के शंकर नगर वार्ड (शंकरपुर) के रहने वाले मोहम्मद हसन इलाके के किसानों के लिए नजीर बन गए हैं,इनके एप्पल बेर की बगिया और टहनियों पर लटकी हुई लाल सेब जैसी बेर जम्मू-कश्मीर व हिमांचल तथा उत्तराखंड की वादियों में होने वाले सेब के बागानों से कम नहीं हैं । ढाई बीघा खेत में एप्पल बेर की ये बगिया इलाके के युवाओं के लिए सेल्फी प्वाइंट बना हुआ है । अपने पास जमीन का एक छोटा टुकड़ा होने के बाद भी प्रगतिशील किसान बनकर उभरने वाले किसान मोहम्मद हसन खेती किसानी के क्षेत्र में कदम रखने से पहले मुम्बई में रहकर मेहनत मजदूरी का काम करते थे, साल 2015 में शहर छोड़ गांव में ही रहने का इरादा कर जमीन के छोटे से टुकड़े में खीरा और ककड़ी बोया जिससे उन्हें थोड़ी बहुत आमदनी होने पर बड़ा मुनाफा कमाने की ओर रुख कर लिया । बागाती कृषि का इरादा कर सबसे पहले उन्होंने केले की खेती किया उसके बाद अब गांव के पास ही कथरुआ सीवान में उन्होंने लीज पर ढाई बीघा खेत लेकर एप्पल बेर की खेती कर लिया । मोहम्मद हसन बताते हैं कि एप्पल बेर की फसल तैयार होने में एक वर्ष का समय लगता है इसी बीच आर्थिक तंगी से बचने के लिए एप्पल बेर के पेड़ों के बीच में सरपूतिया की खेती कर करीब डेढ़ लाख रुपये मुनाफा कमाया और अब बारी एप्पल बेर बिकने की है । किसान मोहम्मद हसन बताते हैं और कि एप्पल बेर देखने में सेब के रंग का ही है जिसे देखने पड़ोसी जनपद संतकबीरनगर व अम्बेडकर नगर समेत जिले के कोने कोने से अधिकांश लोग आ रहे हैं और बेर की बागान में फोटो भी खिंचवाते हैं । एप्पल बेर की टहनियों पर लटके हुए बेर कश्मीर की वादियों में सेब के बागानों को टक्कर दे रहे हैं ।
What's Your Reaction?

