डीएम-एसपी ने कलवारी-रामपुर तटबंध का किया निरीक्षण, अधिकारियों को लगातार निगरानी के दिए निर्देश
संदीप चौरसिया INewsUP
कुदरहा, बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को कलवारी-रामपुर तटबंध के किमी 9 के निकट ग्राम बैराड़ी एहतमाली के पुरवा मदरहवा क्षेत्र का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तटबंध की स्थिति, जलस्तर तथा आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में पानी का जलस्तर बढ़ा हुआ मिला। वहीं बाढ़ बचाव एवं कटानरोधी कार्य कराए जा रहे हैं, जिसके चलते ग्राम तथा तटबंध फिलहाल सुरक्षित पाया गया। जिलाधिकारी ने तटबंध की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तटबंध की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की क्षति अथवा समस्या की जानकारी मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। डीएम ने क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने को कहा। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तटबंध और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता बाढ़ दिनेश कुमार, सहायक अभियंता सत्येंद्र कुमार गौतम, बृजेश सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?

