घर में खड़ी रही पल्सर बाइक, कट गया चालान
जिले में चल रही एक ही नम्बर की दो बाइकें
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बस्ती । परिवहन विभाग अपने अजब गजब कारनामो के चलते हमेशा सुर्खियों में रहता है। ताजा मामला एक ही नम्बर की दो अलग अलग बाइकें चलने का सामने आया है । शंकरपुर में काले रंग की पल्सर बाइक घर पर खड़ी रही और दूसरे थानाक्षेत्र में उसी नम्बर से चल रही प्लेटिना बाइक का चालान कट गया जबकि बिना हेलमेट एक हजार रुपए चालान का मैसेज पल्सर वाहन स्वामी के मोबाइल पर पहुंचते ही उसके होश उड़ गए । लालगंज थानाक्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी सद्दाम हुसैन ने लालगंज पुलिस समेत पुलिस अधीक्षक को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि छोटे भाई इरफान के नाम एक पल्सर बाइक संख्या UP51BN 7316 घर खड़ी रहती है और इरफान परदेश रहता है । बीते 4 दिसम्बर को मेरी मोबाइल पर इसी पल्सर वाहन का बिना हेलमेट वाहन चलाने का एक हजार रुपये का चालान कट गया जबकि बाइक घर पर ही खड़ी थी । ऑनलाइन चेक करने पर उसी नम्बर की दूसरी प्लेटिना बाइक का फोटो दिखाई दिया । शिकायतकर्ता ने लालगंन पुलिस समेत पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है ।
What's Your Reaction?

