अंकित सिंह पर हमले के साजिशकर्ताओं के घर चल सकता है बुलडोजर

Nov 6, 2025 - 15:26
 0  30
अंकित सिंह पर हमले के साजिशकर्ताओं के घर चल सकता है बुलडोजर

ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP

अमेठी । उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के ऐंधी गांव में सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करने का मन बना लिया है। गौरीगंज एसडीएम प्रीति तिवारी के निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर मोहम्मद इस्लाम और मोहम्मद जलील के मकानों के आसपास की जमीन की पैमाइश की। जांच में पता चला कि दोनों भाइयों ने सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण कर रखा है। एसडीएम ने बताया कि नियमानुसार जल्द ही अतिक्रमण हटवाया जाएगा। दरअसल, अंकित सिंह गोलीकांड मामले में पुलिस ने मोहम्मद इस्लाम, मोहम्मद जलील, मोहम्मद वसीम उर्फ रज्जन और सूरज पासी पर घटना की साजिश रचने का आरोप लगाया है। घटना गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे मंशा, गुजर टोला निवासी अंकित सिंह काजीपटी बाजार से सफेद बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के मोड़ पर पीर मोहम्मद के मकान के पास कार सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और गिरने के बाद उन पर लोहे की रॉड से हमला कर अंधाधुंध फायरिंग की। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद घायल अंकित के पिता विमलेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने संदीप कुमार पुत्र रामकेवल (कासिमपुर, थाना जायस) और उदय सिंह पुत्र शीतला प्रसाद (बिन्नावां, थाना डीह, रायबरेली) सहित चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें गांव में लगातार सक्रिय हैं। सूत्रों के अनुसार, पैमाइश रिपोर्ट के आधार पर साजिशकर्ताओं के अवैध निर्माण पर जल्द ही बुलडोजर चल सकता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow