रिश्वत लेने के आरोप में दो कर्मचारियों की सेवा समाप्त
अश्वनी कसौधन INewsUP
बस्ती । मेडिकल कॉलेज कैली के एमआरडी विभाग में तैनात डाटा इंट्री ऑपरेटर और ब्लड बैंक में तैनात कर्मचारी को घूस लेने के आरोप में सेवा समाप्त कर दिया गया है। एक कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और दूसरी तीमारदार की शिकायत पर की गई है। प्रधानाचार्य ने सीएमओ को शिकायती-पत्र में कहा है कि एनएचएम के तहत एमआरडी विभाग में तैनात कर्मचारी को जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र निर्गत के लिए तैनात किया गया था। कर्मचारी का मरीजों के परिजनों से अवैध रकम की मांग करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ऑपरेटर प्रमाण-पत्र बनाने के नाम पर रुपये लेते दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो के मामले में प्रधानाचार्य ने संज्ञान लेते हुए कर्मचारी से स्पष्टीकरण भी मांगा था। इस बाबत प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने बताया कि डाटा इंट्री ऑपरेटर ज्ञानेंद्र सिंह की तत्काल सेवा समाप्त की जाती है। उसके अनुशासनहीनता से मेडिकल कॉलेज की छवि धूमिल हुई हैं। इसके अलावा ब्लड बैंक में तैनात कर्मचारी चंदन भारती को तीमारदार से घूस लेने के आरोप में सेवा समाप्त किया गया है। प्रधानाचार्य की ओर से जारी आदेश में कहा गया एनएचएम के तहत तैनात कर्मचारी पर तीमारदार से पैसे लेने के आरोप में शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर कार्रवाई हुई है।
What's Your Reaction?

