प्रधान प्रत्याशी की भूमि विवाद में गोली मारकर हत्या

Jan 25, 2026 - 22:44
 0  155
प्रधान प्रत्याशी की भूमि विवाद में गोली मारकर हत्या

अजमेर अली ब्यूरो चीफ -INewsUP

 गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर प्रधान प्रत्याशी पंकज निषाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 9 बजे दुबौली गांव की है, जहां 4–5 बदमाश कार से पहुंचे और पंकज के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से पंकज निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान पंकज की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। मृतक की बेटी ने आरोप लगाया कि उनके पाटीदार रामजतन, अंकुल, सूरज और विशाल घर में घुस आए। आरोप है कि पहले इन लोगों ने उनके चाचा को कुदाल से पीटना शुरू किया। जब पंकज चाचा को बचाने दौड़े तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन कमरे के अंदर ले जाकर गोली मार दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकुल करीब 4–5 साल बाद रविवार को कार से गांव आया था। कार से उतरते ही वह सीधे अपने घर के बगल में रहने वाले पाटीदार पंकज निषाद के घर पहुंचा और घटना को अंजाम दिया। उस समय घर में पंकज के माता-पिता, भाई-बहन और बच्चे मौजूद थे। गोली चलने के बाद पंकज जमीन पर गिर पड़े और परिजन रोने-बिलखने लगे। आरोपियों ने घटना के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है। सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow