ठगी का शिकार हुआ वृद्ध,रुपया लेकर कागज पकड़ाया
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बस्ती । लालगंज थानाक्षेत्र के बनकटी कस्बे में बीमार पत्नी का इलाज कराने के लिए ग्राहक सेवा केंद्र से रुपए निकाल कर घर जा रहा वृद्ध 11 हजार रुपये की ठगी का शिकार हो गया । सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई । मुंडेरवा थाना क्षेत्र के गंगौरी गांव निवासी 70 वर्षीय रामजीत सोमवार को 3:30 बजे बनकटी कस्बे के पूर्वी छोर पर स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र से रुपये निकालकर वापस लौट रहा था कि जैसे ही उपाध्याय डीजल पंप के सामने पहुंचा ही था कि पीछे से आये बाइक सवार जालसाज ने बनकटी ब्लॉक का कर्मचारी बताते हुए वृद्ध को रोकवा लिया तथा अपने झांसे में लेते हुए उसके रुपये लेकर रफूचक्कर हो गया । पीड़ित रामजीत ने बताया कि पत्नी मंसीरा देवी बीमार है उसके इलाज के लिए ग्राहक सेवा केंद्र से 11 हजार रुपया निकाला और घर की तरफ बढ़ रहे थे कि जैसे ही बनकटी कस्बा स्थित उपाध्याय डीजल पंप के सामने पहुंचे कि सामने से आये एक नीले रंग के बाइक सवार व्यक्ति ने अपने को बनकटी ब्लॉक का कर्मचारी बताया और वृद्धा पेंशन के रूप में मिलने वाली किस्तों में बढ़ोत्तरी कराकर 2 हजार रुपये के स्थान पर 3500 रुपया दिलाने का झांसा दे दिया । इस काम के लिए उसने आधार कार्ड,पासबुक व 50 रुपया मांगने लगा तथा बातों बातों में जेब से काली पन्नी में बंधा हुआ रुपया भी निकाल लिया तथा आंख झपकते ही रुपयों की जगह कागज रख दिया । धुसनाखोर गाँव पहुंचे तो एकाएक रुपया निकालकर देखना चाहा, रुपये की जगह कागज देख वृद्ध रामजीत के होश उड़ गए ।
What's Your Reaction?

