आधा दर्जन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा, दो गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बनकटी, बस्ती । लालगंज थानाक्षेत्र के हर्रैया में एक सप्ताह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में हुई नव विवाहिता की मौत मामले में पिता की तहरीर पर लालगंज पुलिस ने पति राजन समेत सास,ससुर,देवर व ननद तथा जेठ समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, जिसकी पुलिस क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह के द्वारा विवेचना की जा रही है । रविवार को लालगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड की टीम ने दहेज हत्या में वांछित चल रही सास सुमित्रा व ससुर जगमोहन को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया जबकि शेष आरोपितों की तलाश की जा रही है । जानकारी के मुताबिक संतकबीरनगर जिले के महुली थानांतर्गत शिवबखरी गाँव निवासी रामचंद्र ने लालगंज पुलिस को तहरीर देकर दामाद समेत बेटी के ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने आदि का आरोप लगाया था, लालगंज पुलिस ने मृतका के पति राजन व देवर,ननद तथा सास,ससुर और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था । जानकारी के मुताबिक बीते 4 नवंबर की सोमवार को हर्रैया गाँव निवासी राजन की पत्नी 20 वर्षीय सुकन्या का बरामदे की छत के कुंडी में फंदे के सहारे लटकता शव मिला था । ग्रामीणों के अनुसार 4 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे घर के सभी सदस्य खेत में धान की कटाई करने गए थे जबकि सुकन्या अकेली घर पर थी । करीब दस बजे खेत से लौटे देवर ने अपनी भाभी का शव बरामदे में छत की कुंडी से फंदे के सहारे लटकता देख चिल्लाने लगा और खेत में काम कर रहे स्वजनों को सूचित किया । एसओ लालगंज सुनील कुमार गोंड ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है, जिसमें सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?

