सड़क दुर्घटना में बुझ गया एकलौता चिराग, हेलमेट होता तो बच जाती जान
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बनकटी,बस्ती । लालगंज थानाक्षेत्र के बनकटी कस्बे में सोमवार शाम मुंडेरवा चीनी मिल से गन्ना खाली कर वापस लौट रहे ट्राले की चपेट में आकर बाइक चालक की दर्दनाक मौत हो गई और पीछे बैठा बाइक सवार घायल हो गया। मृतक की पहचान मुंडेरवा थानाक्षेत्र के कड़सरी गांव निवासी 18 वर्षीय अमन चौधरी पुत्र परशुराम के रूप में हुई। लालगंज पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही में जुट गई। आक्रोशित कस्बे वासियों ने सुबह के 5 बजे से शाम 4 बजे तक ओवर लोड व ओवर हाइट गन्ना लदी ट्रालियों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक मुंडेरवा थानाक्षेत्र के कडसरी गांव निवासी अमन गांव के ही अपने साथी बृजेश के साथ अपाचे गाड़ी से बनकटी पेट्रोल पंप की तरफ से घर जा रहा था कि जैसे ही वह कन्या इंटर कॉलेज गेट के पास पहुंचा ही था कि महादेवा की तरफ से गन्ना खाली कर लौट रहे ट्राले से जोरदार टक्कर हो गई और बाइक चालक का सिर ट्राला के पहिया के नीचे पड़ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई जबकि पीछे बैठा बृजेश दूर जा गिरा जिसे मामूली चोटें आईं। कस्बे वासियों का कहना है कि यदि वह हेलमेट लगाया होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी । मृतक पांच बहनों में इकलौता भाई तथा परिवार का अकेला सहारा था। कोरोना कॉल के दौरान अमन के पिता की मौत हो चुकी है। लालगंज थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्राले को कब्जे में ले लिया गया है जबकि शव का पंचनामा भरकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है ।
What's Your Reaction?

