कमाऊ पूत की मृत्यु से गांव में मचा कोहराम
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बनकटी । लालगंज थानाक्षेत्र के बैजीपुर निवासी बलिराम यादव के 22 वर्षीय पुत्र श्याम यादव उर्फ मंटालू की मुंबई के अहमदनगर में निर्माणाधीन मकान से गिरकर मौत हो गई । इकलौते कमाऊ पूत की मृत्यु की सूचना पहुंचते ही गांव में मातम छा गया और क्षेत्र के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचने लगे । जानकारी के मुताबिक मंटालू मुंबई के अहमदनगर में अपने मौसा के साथ रहकर टाइल्स पत्थर लगाने का काम कर परिवार का भरण पोषण करता तथा आगामी 10 दिसंबर को होने वाले 21 वर्षीय छोटी बहन खुशबू के विवाह की तैयारियों में जुटा हुआ था । मृतक के पिता ने बताया कि बुधवार की देर शाम लिफ्ट के लिए छोड़े गए स्थान पर काम कर रहा था तभी अचानक उसका पैर फिसल गया जिससे नीचे गिरकर उसकी मृत्यु हो गई । देर रात श्याम उर्फ मंटालू के मृत्यु की सूचना मिलते ही सभी रोने बिलखने लगे । मृतक श्याम की छोटी बहन खुशबू की डेढ़ माह बाद शादी है जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही थीं लेकिन कमाऊ पूत के असामयिक मृत्यु से परिजनों के सामने गहरा संकट छा गया । मृतक के बाबा रामशब्द व पिता बलिराम यादव,माता उर्मिला देवी समेत बहन खुशबू का रो रो कर बुरा हाल है ।
What's Your Reaction?

