रस्सी के सहारे कटहल के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हड़कंप

Sep 22, 2026 - 22:39
 0  2
रस्सी के सहारे कटहल के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हड़कंप

संदीप चौरसिया INewsUP

बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के उजियानपुर गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक कटहल के पेड़ से 19 वर्षीय युवक का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सत्यम पुत्र बसंत निवासी उजियानपुर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर लालगंज थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से युवक को पेड़ से नीचे उतारा गया और आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया। इसके बाद पंचायतनामा सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं पुलिस की मौजूदगी में मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow