राशन की दुकान पर युवती को कमरे में बंद कर कोटेदार ने की छेड़छाड़
अजमेर अली ब्यूरो चीफ INewsUP
गोरखपुर -शहर में टिफिन बनाकर जीवनयापन करने वाली एक युवती को दुकानदार ने कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ छेड़खानी की। विरोध पर उसके साथ मारपीट की गई और भागने की कोशिश करने पर कुत्ता छोड़ने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। महराजगंज जिले की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह गोरखपुर में किराये पर कमरा लेकर रहती है और टिफिन बनाकर लोगों तक पहुंचाने का काम करती है। रोजमर्रा के सामान के लिए वह पास की एक दुकान से राशन खरीदती थी। 29 सितंबर को वह राशन लेने दुकान पर गई थी। आरोप है कि उसी दौरान दुकानदार ने शराब के नशे में उसे बहाने से दुकान के पीछे बने कमरे में बुलाकर अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उसने युवती के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जब उसने विरोध किया तो दुकानदार ने उसके साथ मारपीट की। वह किसी तरह कमरे से बाहर निकलने की कोशिश करने लगी तो धमकाया कि अगर दरवाजा खोला तो कुत्ता छोड़ दूंगा। डर के कारण वह काफी देर तक कमरे में फंसी रही। दुकानदार जब शराब के नशे में सो गया, तब किसी तरह वहां से निकलकर अपने कमरे तक पहुंच सकी।घटना के बाद वह गहरे सदमे में रही और काफी हिम्मत जुटाने के बाद उसने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ छेड़खानी, बंधक बनाने, मारपीट व दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
What's Your Reaction?

