पुलिस के हस्तक्षेप से 24 घण्टे बाद हुआ वृद्ध का अंतिम संस्कार--
धर्मेंद्र कुमार INewsUP
देईसांड़-बस्ती । लालगंज थाना क्षेत्र के बाघापार (बजहा) गांव निवासी 90 वर्षीय रामविलास की मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे मौत हो गई । विलास की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर पत्नी रतुला व बड़ा बेटा संतराम तथा तीन अन्य बेटों के बीच दाह संस्कार करने अथवा दफन कर मिट्टी देने के बीच पेंच फंस गया । वृद्ध की मौत के 24 घंटे बाद दूसरे दिन बुधवार को लालगंज थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के हस्तक्षेप से मृतक के चार बेटों व पत्नी रतुला के बीच आपसी सहमति व मान मनौव्वल से पड़ोसी जनपद संत कबीर नगर के बिड़हर घाट पर हिंदू रीति रिवाज के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया । जानकारी के मुताबिक रामविलास अपनी 85 वर्षीय पत्नी तथा बड़ा बेटा संतराम के साथ रहते थे । वहीं उनके अन्य तीन बेटे अपने परिवार के साथ अलग मकान बना कर रह रहे थे । मंगलवार को रामविलास की मौत के बाद पत्नी व बड़ा बेटा गांव के ही एक बगीचे में उन्हें दफन कर मिट्टी देना चाहते थे तथा अन्य तीनों भाई पिता के शव का हिन्दू रीति रिवाज के साथ सरयू नदी के बिड़हर घाट पर अंतिम संस्कार करना चाहते थे । विवाद बढ़ने पर आसपास गाँव के लोग एकत्र हुए तो मामला थाने पहुंचा । सूचना पर हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने मृतक की पत्नी व उनके चारों बेटों की आपसी सहमति व मान मनौव्वल से बुधवार को बिड़हर में उनका दाह संस्कार करा दिया ।
What's Your Reaction?

