जानें क्यों....,हाथ में तख्ती लिए अभियुक्त ने किया आत्म समर्पण
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बनकटी बस्ती । युवक की कनपटी पर कट्टा सटाकर वीडियो बनाने वाले के खिलाफ हत्या के प्रयास,झूठे साक्ष्य की धमकी व अवरोध करने समेत मारपीट की विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमें के बाद लगातार पुलिस की दबिश से भयभीत अभियुक्त मंजीत कुमार ने रविवार की सुबह करीब 10 बजे आत्म समर्पण लिखी हुई तख्ती लेकर थाना लालगंज में सरेंडर कर दिया । अभियुक्त द्वारा हाथ में पकड़ी हुई तख्ती पर अपनी गलती स्वीकार करने तथा भविष्य में इस तरह की गलती की दोबारा पुनरावृत्ति न करने की बात लिखी थी । जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो मामले में थानाक्षेत्र के तिघरा निवासी राम किशोर निषाद ने खखरा अमानाबाद निवासी शिवा गोस्वामी व जिगिनादेव निवासी मंजीत कुमार पर बेटे अमित को कुबेरगंज बाग में ले जाकर उसकी कनपटी पर कट्टा सटाकर रील बनाने का आरोप लगाया था । पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी के निर्देश पर स्वाट टीम व एसओजी टीम तथा थाना लालगंज की चार टीमें अभियुक्तों की तलाश कर रही थीं । सभी टीमों के निरंतर दबिश से डरकर अभियुक्त मंजीत ने आत्म समर्पण कर दिया जबकि दूसरा अभियुक्त अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है । लालगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड ने बताया कि उक्त मुकदमें में फरार चल रहे अभियुक्त शिवा की तलाश की जा रही है जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
What's Your Reaction?

