गुरुवार की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी व्रती महिलाएं
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बनकटी बस्ती । लोक आस्था के महापर्व छठ पर बनकटी नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में गुरुवार की शाम व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी तथा संतानों के सुखमय जीवन की मंगल कामना करेंगी, जिसको लेकर तालाबों, पोखरों व छठघाटों की साफ सफाई व लाईटिंग सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बनकटी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व भाजपा नेता इं. अरविंद पाल के द्वारा कई वर्षों से चन्द्रनगर वार्ड स्थित मथौली छठघाट पर सूर्य उपासना के इस महापर्व को बड़े धूमधाम से मनाया जाता है । भाजपा नेता इं. अरविंद पाल ने बताया कि बनकटी नगर पंचायत के चन्द्रनगर(मथौली),गांधीनगर(बनकटी कस्बा),पटेलनगर(कटौधा),शंकरनगर (रौता)अम्बेडकर नगर(बाँसापार) लोहिया नगर(देईसांड़) आदि छठघाटों को सजाया और सवांरा गया है, जहां देर शाम व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने एकत्र होंगी, महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किया गया है, उन्होंने यह भी बताया कि सूर्य उपासना के इस पर्व के चार दिनों के दौरान भगवान सूर्य और उनकी बहन मां उषा की पूजा-अर्चना की जाती है। गुरुवार की शाम को पूजन सामग्री में फल, फूल, ठेकुआ, चावल का लड्डू, गन्ना, मूली, कंदमूल आदि सामग्रियों को सूप में तथा फल व अन्य सामग्रियों को दउरा में रखकर छठघाटों पर महिलाएं पहुंचेंगी और पूजा करते हुए डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। व्रती महिलाओं के अतिरिक्त उनके परिवार के अन्य सदस्य भी तालाब व घाट पर एकत्रित होकर एक साथ सूर्यदेव की आराधना करेंगे तथा सूर्यास्त के बाद दीप जलाकर सभी अपने घर लौटेंगे। इसके बाद सुबह के अर्घ्य के तैयारियों में जुट जाएंगे तथा शुक्रवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा की जाएगी।
What's Your Reaction?

