नियम विरुद्ध तो नहीं चल रही मदिरा की ये दुकान... ?
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बस्ती । लालगंज थानाक्षेत्र के डूडी स्थित सड़क किनारे एक मकान में शराब की बिक्री धड़ल्ले से चल रही है, मकान के सामने आबकारी विभाग द्वारा जारी लाइसेंस नम्बर का एक बोर्ड लगाया हुआ है, लेकिन जारी हुए लाइसेंस का पता डूडी के स्थान पर हथियाँव लिखा हुआ है । ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से आये दिन विभागीय जिम्मेदार स्टॉक निरीक्षण करने शराब की दुकानों पर आते जाते रहते हैं लेकिन इस दुकान पर किसी जिम्मेदार अफसर की नजर क्यों नहीं पड़ी । क्या यह दुकान नियमानुसार संचालित है या इसे नजरअंदाज किया जा रहा है । लालगंज कस्बे से कुदरहा को जाने वाले मार्ग पर स्थित डूड़ी में कई वर्षों से सरकारी देशी शराब की बिक्री एक मकान से चल रही है, जबकि आबकारी विभाग के जिम्मेदार डूडी में चल रहे इस दुकान के लाइसेंस के बारे में कुछ भी कहने से किनारा कर रहे हैं । क्षेत्र की मीना, सीमा देवी,राधिका,अवन्तिका, सत्यभामा, शोभावती आदि महिलाओं ने एक स्वर में डूड़ी में चल रही शराब की दुकान हटवाने की मांग की है । इस संबंध आबकारी निरीक्षक सुनील त्यागी ने बताया कि यहां शराब की दुकान वर्षों से संचालित है लेकिन यहां क्यों चल रहा है इसकी जानकारी देने से किनारा करने लगे । वहीं जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि लाइसेंस जारी होने के पते से हटकर 1 किलोमीटर की दूरी पर भी दुकान संचालित करना नियम विरूद्ध है । जांच की जाएगी यदि ऐसा है तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी ।
What's Your Reaction?

