घर के सामने कूड़ा फेंकने से मना करने पर तीन की पिटाई
लालचंद्र दुसाध INewsUP
नाथनगर, संत कबीर नगर। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर में रविवार को घर के सामने कूड़ा फेंकने से मना करने पर कुछ लोगों ने पति-पत्नी व बेटी की घर में घुसकर पिटाई कर दी। इस घटना की लिखित तहरीर थाने पर दे दी गई है पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दिए गए तहरीर के अनुसार महुली थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर निवासी कांति चौहान पत्नी बृजेश चौहान रविवार को अपने घर से निकल कर बाहर आई तो उसके दरवाजे पर बगल के ही एक व्यक्ति द्वारा कूड़ा करकट फेंका जा रहा था। उसने जब इसका विरोध किया तो बगलगीर ने गाली देते हुए उस पर हमला बोल दिया और मारने पीटने लगा। इसी दौरान बीच बचाव में पहुंचे पति बृजेश चौहान को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटा। घटना का वीडियो बना रही बृजेश की पुत्री नेहा को हमलावरों ने खदेड़ लिया। वह हमले से बचने के लिए घर में घुसी तो हमलावर घर में घुसकर उसे भी मारपीट करके घायल कर दिया। घटना की लिखित जानकारी कांति ने महुली पुलिस को दे दी है।समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था। इस संबंध में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मामला सत्य पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?

