महुली में हुआ तीन दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज
अनुशासित होकर प्रदर्शन करने वाला बनता है चैंपियन- कृष्णचंद्र यादव 'केसी'
लालचंद दुसाध INewsUP
नाथनगर संतकबीर नगर । हायर सेकेंड्री स्कूल मड़हाराजा महुली में बुधवार को तीन दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज हुआ। आरपी यादव ग्रुप ऑफ कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर कृष्णचंद्र यादव 'केसी' ने मार्च पास्ट की सलामी लेकर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। प्रतियोगिता के पहले दिन स्कूल के नौनिहालों ने कबड्डी, खो खो, कुर्सी दौड़ आदि प्रतियोगिताओं में जोर आजमाइश किया। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में स्कूल के नौनिहाल एथेलेटिक्स के साथ ही इंडोर प्रतियोगिताओं में अपना जौहर दिखाएंगे। इससे पहले संस्थान के एमडी केसी यादव ने मां सरस्वती और संस्थान के संस्थापक स्व आरपी यादव के चित्र पर माल्यार्पण करके उद्घाटन समारोह का शुभारंभ किया। स्कूल के नौनिहालों ने बैंड बाजों की धुन पर मार्च पास्ट करते हुए चीफ गेस्ट श्री यादव को सलामी दिया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए पूर्व प्रमुख प्रत्याशी कृष्णचंद्र यादव ने कहा कि खेल शिक्षा का ही एक अंग है। व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी शिक्षा में निपुण होने के साथ खेल और शारीरिक गतिविधियों में भी पारंगत होना आवश्यक है। श्री यादव ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि बिना अनुशासन के कभी भी प्रतिभागी बड़ा खिलाड़ी नही बन सकता है। अनुशासित होकर अपनी प्रतिभा का शत प्रतिशत प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी ही चैंपियन का ताज हासिल कर सकता है। श्री यादव ने नौनिहालों को भरोसा दिलाया कि शिक्षा के साथ साथ खेल में भी अपनी प्रतिभा को निखारने का भरपूर प्रयास करें। संसाधनों की किसी भी तरह की कमी महसूस नहीं होने देंगे। शिक्षक शिक्षिकाओं को नौनिहालों की प्रतिभा निखारने में कोई कोर कसर नही छोड़ने की सलाह दिया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान शिक्षक अरविंद नाथ यादव, रामजी मिश्र, विनोद चौधरी, कमल नारायण द्विवेदी, श्याम चंद चौधरी, नागेंद्र यादव, रमन यादव, केपी सिंह, तस्लीम कौसर, प्रदीप, रेनू यादव, रेनू गुप्ता, चांदनी आदि लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?

