एड्स की रोकथाम के लिए निकाली जागरूकता रैली
रेलवे स्टेशन और शास्त्री चौक पर लगाया गया शिविर
बालकृष्ण त्रिपाठी INewsaUP
बस्ती। जिले भर में शुक्रवार को एड्स दिवस मनाया गया। सुबह बच्चों ने एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान वह अपने हाथ में जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए थे। वहीं शैक्षिक संस्थानों में संगोष्ठी आयोजित हुई। भारत सरकार एवं राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के निर्देश पर जिला स्वास्थ्य समिति एवं ग्रामीण विकास सेवा समिति की ओर से एचआईवी, एड्स जागरूकता शिविर एवं प्रदर्शनी तथा हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। सीएमओ डॉ. रामशंकर दूबे ने शिविर का उद्घाटन किया। सीएमओ और जिला क्षय रोग अधिकारी, नोडल डाॅ. एके मिश्रा एवं सीएमएस डाॅ. राम प्रकाश ने शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को एचआईवी के प्रति जागरूक किया गया। कहा कि एड्स के प्रति आमजन को स्वतः जागरूक होना होगा। स्वास्थ्य सेवाओं तक अपनी पहुंच बनानी होगी, एचआईवी की जांच पूर्णतया मुक्त एवं गोपनीय तरीके किया जाता है। अंबुज कुमार यादव, के संयोजन में शास्त्री चौक पर और रेलवे स्टेशन पर एचआईवी, एड्स जागरूकता शिविर, प्रदर्शनी तथा हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इस मौके पर अखिलेश सिंह, सुभाष चंद्र यदुवंशी, अनुपम शुक्ला, संदीप श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। महिला महाविद्यालय में शिक्षा शास्त्र विभाग के संयोजन में संगोष्ठी आयोजित हुई। प्राचार्य प्रोफेसर सुनीता तिवारी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने एड्स विषय पर आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए छात्राओं का उत्साह वर्धन किया। कहा की आत्म संयम से ही एड्स को नियंत्रित किया जा सकता है। प्रियंका सिंह ने एड्स का शाब्दिक अर्थ बताते हुए उसके बचाव पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व इस विषय पर कराई निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता में कुल 17 छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्मिता सिंह ने किया। इस मौके पर डॉ. सुधा त्रिपाठी, डॉ. कमलेश मैम, डॉ. सुहासिनी सिंह, डॉ. नूतन यादव, डॉ. सीमा सिंह, डॉ. रघुवर पांडेय आदि ने संगोष्ठी को संबोधित किया।
What's Your Reaction?

