डीएम ने किया कैंपियरगंज तहसील का औचक निरीक्षण
अजमेर अली ब्यूरो चीफ -INewsUP
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को तहसील कैंपियरगंज का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों, जन शिकायतों के निस्तारण, रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर कक्ष तथा विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा। डीएम के अचानक पहुंचने से कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही। जिलाधिकारी सबसे पहले तहसील सभागार पहुंचे जहां उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से तहसील क्षेत्र में चल रहे राजस्व वादों, वरासत, नामांतरण, पैमाइश और अतिक्रमण से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन की प्राथमिकता वाले मामलों का निस्तारण समय सीमा के भीतर हर हाल में किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। निरीक्षण के दौरान डीएम रिकॉर्ड रूम पहुंचे और अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति देखी। उन्होंने पुराने दस्तावेजों के संरक्षण, डिजिटाइजेशन की प्रगति और फाइलों की उपलब्धता के बारे में पूछा। संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक अभिलेख सुव्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखे जाएं ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपलब्ध कराए जा सकें। जिलाधिकारी ने जनसुनवाई से जुड़े रजिस्टर भी चेक किए। उन्होंने कहा कि तहसील आने वाले फरियादियों को अनावश्यक चक्कर न लगवाए जाएं। हर प्रार्थना पत्र पर गंभीरता से सुनवाई हो और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल कागजों में नहीं, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक समाधान के रूप में दिखना चाहिए।कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण के दौरान डीएम ने ऑनलाइन सेवाओं, प्रमाण पत्रों के निर्गमन और राजस्व सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि डिजिटल सेवाओं को और तेज व पारदर्शी बनाया जाए ताकि आम जनता को सुविधा मिल सके।निरीक्षण के समय कुछ फरियादी भी मौजूद मिले। डीएम ने उनसे सीधे बातचीत कर समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की संतुष्टि ही प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ काम करना होगा। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करें, जिससे आमजन को बेहतर सेवा मिल सके।निरीक्षण के दौरान एसडीएम सिद्धार्थ पाठक तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

