ब्लॉक दफ्तर में “नशे की तस्वीर” से मचा हड़कंप,सिगरेट–शराब संग पंचायत कार्यालय में बैठा कर्मचारी

Feb 8, 2026 - 09:47
 0  33
ब्लॉक दफ्तर में “नशे की तस्वीर” से मचा हड़कंप,सिगरेट–शराब संग पंचायत कार्यालय में बैठा कर्मचारी

अजमेर अली ब्यूरो चीफ, INewsUP

 गोरखपुर - जंगल कौड़िया मे विकास के दावों और स्वच्छता अभियानों के बीच जंगल कौड़िया ब्लॉक मुख्यालय से सामने आई एक वायरल तस्वीर ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एडीओ पंचायत कार्यालय के भीतर ली गई इस तस्वीर में एक सफाई कर्मी हाथ में सिगरेट लिए धुआं उड़ाता दिखाई दे रहा है, जबकि सामने मेज पर शराब की बोतल, नमकीन, पानी का गिलास और सिगरेट का पैकेट खुलेआम रखे नजर आ रहे हैं। तस्वीर के बैकग्राउंड में लकड़ी की अलमारी पर साफ तौर पर “पंचायत 22” अंकित है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मामला सीधे तौर पर ब्लॉक के पंचायत कार्यालय से जुड़ा है। फोटो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और तत्काल कार्रवाई की मांग तेज हो गई। ग्रामीणों का आरोप—सफाई नहीं, अवैध उगाही में मशगूल स्थानीय नागरिकों महेश, पवन और सुरेश का आरोप है कि संबंधित सफाई कर्मी न तो गांवों में सफाई करता है और न ही ब्लॉक परिसर की नियमित सफाई में नजर आता है। इसके बजाय वह जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज बनवाने के नाम पर लोगों से अवैध धन उगाही करता है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा कि “सफाई कर्मियों को ग्राम सभा में जाकर काम करना चाहिए, न कि ब्लॉक कार्यालय में केवल हाजिरी लगाने और नशे में डूबे रहने के लिए।” अधिकारियों के बयान—जांच के बाद होगी कार्रवाई मामले पर रमेश चंद (एडीओ पंचायत) ने सफाई देते हुए कहा कि संबंधित सफाई कर्मी ब्लॉक मुख्यालय से अटैच है, इसलिए वह गांवों में सफाई के लिए नहीं जाता।वहीं सुरेश चंद्र श्रीवास्तव (बीडीओ, जंगल कौड़िया) ने दो टूक कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि वायरल तस्वीर सत्य पाई गई, तो दोषी के खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बड़ा सवाल—दफ्तर में नशा, जिम्मेदारी कौन लेगा? इस पूरे प्रकरण ने न सिर्फ स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोली है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा किया है कि पंचायत कार्यालय जैसे संवेदनशील स्थानों पर अनुशासन और निगरानी आखिर किसके भरोसे है? अब सबकी नजरें प्रशासन की जांच और उस पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow