वर्ल्ड क्लास ट्रेन वंदे भारत को देखकर दुनिया हिल गई- सांसद खेल महाकुंभ में समापन पर बोले रेल मंत्री
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
बस्ती। अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में चल रहे 10 दिवसीय सांसद खेल महाकुंभ का समापन शुक्रवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव तथा सुप्रसिद्ध क्रिकेटर पीयूष चावला ने किया। इस प्रतियोगिता के विभिन्न श्रेणियां में लगभग 5 लाख खिलाड़ी, विद्यार्थी और कलाकारों ने हिस्सा लिया। पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। स्टेडियम में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार खेलों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य कर रही है। आज भारत के खिलाड़ी पूरे विश्व में अपने देश का परचम लहरा रहे हैं। रेल मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले केंद्रीय रेलवे का बजट 35 हजार करोड रुपए का होता था, अब मोदी जी के नेतृत्व में रेलवे का बजट दो लाख चालीस हजार करोड़ का है। पहले उत्तर प्रदेश को रेलवे बजट में 1 हजार करोड रुपए मिलते थे, जबकि अकेला उत्तर प्रदेश जर्मनी, जापान और फ्रांस जैसे देशों को मिलाकर उससे भी बड़ा है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश को 17 हजार करोड़ का रेल बजट प्राप्त होता है। रेल मंत्री अश्विनी ने कहा कि हमने 3700 किलोमीटर पटरी बिछाने का काम किया है। भारतीय रेल अब प्रतिदिन 14 किलोमीटर पटरी बिछाने का कार्य कर रही है। देश के 156 रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास का रेलवे स्टेशन बनाया जा रहा है। जिसमें बस्ती का भी नाम सम्मिलित है। बस्ती रेलवे स्टेशन का स्वरूप ऐसा तैयार किया गया है। जिसमें विरासत और आधुनिकता दोनों का समन्वय देखने को मिलेगा। मोदी जी ने पूरे देश में 1300 रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाने का लक्ष्य रखा है। रेल मंत्री ने कहा कि 2030 के आसपास तक वेटिंग लिस्ट का चक्कर खत्म हो जाएगा। इतनी नई ट्रेन आ जाएगी कि लोगों को कंफर्म टिकट मिलने लगेगा। मोदी सरकार ने भारतीय रेल में 5 लाख से अधिक लोगों की भर्ती की है। जिसमें सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश की भागीदारी रही है। वंदे भारत की डिजाइन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में वर्ल्ड क्लास ट्रेन को बनाए जाने की योजना बनाई, तो विश्व के तमाम देशों के इंजीनियर अपना डेमो और प्रोजेक्ट लेकर के भारत आए। परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तय किया कि वंदे भारत ट्रेन को पूर्ण रूप से भारत के इंजीनियर और कर्मचारी तैयार करेंगे। उपस्थित जन समूह से वंदे भारत ट्रेन को देखने और उसकी फोटो और वीडियो देखने की बात पर जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि आपने एक वीडियो देखा होगा। जिसमें वंदे भारत ट्रेन के ड्राइविंग सीट के केबिन पर पानी का गिलास रखा रहता है। ट्रेन फराटे भर के चलती है। पानी का गिलास नहीं हिलता है। यह देखकर पूरी दुनिया हिल गयी कि भारत ने कैसा वर्ल्ड क्लास ट्रेन बना दिया। राम मंदिर बनने का जिक्र करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि राम मंदिर बनाने के आंदोलन में हजारों लोगों ने बलिदान दिया। आज राम मंदिर बनकर तैयार है। जिसका लोगों ने कल्पना नहीं किया था वह भारतीय जनता पार्टी ने करके दिखाया। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। आज उत्तर प्रदेश के विकास को पूरा देश देख रहा है।
What's Your Reaction?






