बेलगाम हो गए बिजली विभाग के अफसर,भाजपा नेता ने लगाया सरकार की छवि धूमिल करने का आरोप
ब्यूरो रिपोर्ट INewsUP
जलालपुर,अंबेडकर नगर । भाजपा नेता अंशुमान सिंह ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा व प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आशीष कुमार गोयल को पत्र भेजकर अधिशासी अभियंता समेत बिजली विभाग के अफसरों पर लापरवाही व मनमानी का आरोप लगाया है । ऊर्जा मंत्री को भेजे पत्र में भाजपा नेता अंशुमान सिंह समेत विद्युत उपभोक्ताओं ने कहा कि बिजली आपूर्ति ,बिजली बिल,मीटर में गड़बड़ी आदि समस्या होने पर जब भी अधिशासी अभियंता व अवर अभियंता आदि को फोन किया जाता है तो वे फोन ही नहीं उठाते और ना ही काल बैक करते हैं । जिससे इलाके में अंधेरा होने के साथ ही सैकड़ों विद्युत उपभोक्ता अपनी समस्याएं लेकर इधर उधर भटकते रहते हैं । वहीं बिजली विभाग के अफसर विभागीय यूनियन की धमकी देकर जनप्रतिनिधियों व उपभोक्ताओं की आवाज दबा दबाकर मनमानी करते हैं । अफसरों के इसी रवैये के चलते नेदवा उपकेंद्र के अधीन आपूर्ति वाले खालिसपुर डुहिया व जमीन सूरजपुर गांव का ट्रांसफार्मर जलने के बाद हफ्तों तक नहीं बदला गया था । वही भाजपा नेता अंशुमान सिंह ने बताया कि बिजली विभाग के अफसरों का यह रवैया सरकार की छवि धूमिल कर रहा है, जिसकी जांच होनी चाहिए और लापरवाही अफसरों पर कार्यवाही की जानी चाहिए । नाराज भाजपा नेता अंशुमान सिंह समेत विनय कुमार,सौरभ पाण्डेय,निर्भय तिवारी आदि ने दोनों अफसरों के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्यवाही की मांग की है ।
What's Your Reaction?

