पुलिस ने 765 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ दो तस्कर दबोचे
सरताज आलम INewsUP
बस्ती। होली के त्योहार के दिन अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसते हुए मुण्डेरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मुण्डेरवा पुलिस ने बिना परमिट देशी शराब बेच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 गत्तों में भरी 765 टेट्रा पैक बन्टी-बबली देशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव के नेतृत्व में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में सक्रिय थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस ने सिकरा बरगाह सरकारी गोदाम के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से दीन दयाल और श्याम सुन्दर नामक दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से बिना परमिट देशी शराब की बिक्री कर रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में 765 टेट्रा पैक बन्टी-बबली देशी शराब बरामद की, जिसे होली के मौके पर खपाने की तैयारी थी। बताया जा रहा है कि थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में मुण्डेरवा पुलिस लगातार क्षेत्र में सक्रिय है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। उनकी सख्त कार्यशैली के कारण क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में खौफ का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदीप सिंह की सक्रियता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों की कमर टूट रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?

