डीएम व एसपी बस्ती ने रिक्रूट आरक्षियों व बच्चियों संग मनाया रक्षाबंधन का पर्व
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर में भावनात्मक बना माहौल
सरताज आलम INewsUP
बस्ती, 9 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन, बस्ती का सभागार भावनाओं और भाईचारे के रंग में रंग गया। जिलाधिकारी बस्ती रवीश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन, अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारीगण व पुलिस उपाधीक्षक ने रिक्रूट आरक्षियों, महिला पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की बच्चियों, विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं और स्काउट-गाइड की बच्चियों के साथ राखी बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सम्मान और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने बस्ती पुलिस की इस पहल को सराहते हुए कहा कि इससे पुलिस और समाज के बीच विश्वास व सौहार्द बढ़ेगा। पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कहा कि पुलिस समाज की रक्षा के लिए संकल्पित है और अपने परिवार से दूर रहकर त्योहारों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। इस अवसर पर बहनों का आशीर्वाद और शुभकामनाएं पुलिस बल के संकल्प को और मजबूत करती हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थितजनों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि अपने-अपने क्षेत्र में प्रत्येक बहन की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है कार्यक्रम के दौरान बच्चियों ने अधिकारियों और रिक्रूट आरक्षियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और मिठाई खिलाकर पर्व की परंपरा को जीवंत किया। पूरे पुलिस लाइन परिसर में उत्साहपूर्ण और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
What's Your Reaction?

